नई दिल्ली: भारत ने “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” के तहत तीन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किए हैं। इस पहल ने कई रिकॉर्ड भी बनाए हैं, जिनमें एक ही महीने में स्वास्थ्य सेवा प्लेटफ़ॉर्म पर सबसे ज़्यादा 3 करोड़ 21 लाख लोगों का पंजीकरण शामिल है। इसने एक सप्ताह में ऑनलाइन स्तन कैंसर की जाँच के लिए सबसे अधिक लोगों के पंजीकरण का रिकॉर्ड भी बनाया। इस जाँच के लिए 9 लाख 94 हजार से ज़्यादा महिलाओं ने पंजीकरण कराया। इसके अलावा, राज्य स्तर पर एक हफ़्ते में ऑनलाइन महत्वपूर्ण लक्ष्णों की जाँच के लिए रिकॉर्ड सवा लाख लोगों ने पंजीकरण कराया।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस अभियान में 20 से ज़्यादा मंत्रालयों ने सक्रिय रूप से भाग लिया, जिनमें केंद्र सरकार के संस्थान, मेडिकल कॉलेज और निजी संगठन शामिल थे। “समग्र समाज” के दृष्टिकोण को अपनाते हुए, 17 सितंबर से इस महीने की 2 तारीख तक चले इस अभियान में अ-भूतपूर्व सामुदायिक भागीदारी देखी गई है। इस अभियान में 5 लाख से ज़्यादा पंचायती राज प्रतिनिधियों, एक करोड़ 14 लाख स्कूल और कॉलेज के छात्रों, 94 लाख स्वयं सहायता समूहों (एस.एच.जी.) के सदस्यों और 5 लाख अन्य सामुदायिक मंचों के सदस्यों ने भाग लिया। ये उपलब्धियाँ भारत के सामूहिक प्रयासों का प्रमाण हैं, जिसमें सरकारी व्यवस्थाओं, डिजिटल स्वास्थ्य नवाचार और सामुदायिक भागीदारी को मिलाकर एक स्वस्थ महिला, सशक्त परिवार और विकसित भारत का निर्माण किया गया है।
Source: AIR
© Bharatiya Digital News. All Rights Reserved. Developed by TechnoDeva