08 October 2023   Admin Desk



बाढ ग्रस्‍त सिक्किम में नुकसान के आकलन और सहायता मुहैया कराने के लिए अंतर-मंत्रालयी समिति बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगी

नई दिल्ली NEW DELHI: गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा ने आज सुबह सिक्किम में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से भेंट की। दोनों नेताओं ने राज्य में बाढ़ से हुए नुकसान पर विस्तार से चर्चा की। श्री तमांग ने इस आपदा के समय राज्य का दौरा करने के लिए श्री मिश्रा को धन्यवाद दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की निगरानी और मार्गदर्शन में केंद्र से त्वरित प्रतिक्रिया मिलने पर भी प्रसन्नता व्यक्त की। 

श्री तमांग ने राज्य में राहत और पूर्व-स्थिति बहाली के लिए राष्ट्रीय तथा राज्य आपदा मोचन बल को अग्रिम बजट तत्काल जारी करने के लिए भी आभार प्रकट किया। मुख्यमंत्री ने पांच मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों वाली एक अंतर-मंत्रालयी टीम गठित करने के लिए भी केंद्र सरकार को धन्यवाद दिया। यह टीम आज सिक्किम का दौरा कर बाढ़ से हुए नुकसान का मूल्यांकन कर रही है।

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य में सामान्य स्थिति बहाली  के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है।

इससे पहले, आज तड़के 1:35 मिनट पर एनडीआरएफ की 22 सदस्यीय टीम गंगटोक पहुंची। यह टीम मंगन के लिए रवाना हो चुकी है और प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत और बचाव अभियान चलाएगी। 

सिक्किम में इस महीने की 4 तारीख को तीस्ता नदी में अचानक आई बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है और 122 लोग लापता हैं। मृतकों में सेना के 9 जवान भी शामिल हैं।

बाढ़ से 1320 मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अब तक 2563 लोगों को बचाया गया है जबकि 26 लोग घायल हैं। लगभग 7025 लोगों ने 30 राहत शिविरों में शरण ली है। बाढ़ से 13 पुल बह गए हैं। 

भारत-तिब्‍बत सीमा पुलिस ने कल चुंगथांग में 56 लोगों को बचा लिया। इनमें 52 पुरुष और 4 महिलाएं हैं।

Source: AIR



Photo Gallery

Related Post

Important Links

© Bharatiya Digital News. All Rights Reserved. Developed by TechnoDeva