17 August 2023   Admin Desk



UP NEWS: डॉ. राजेश्वर सिंह ने निकाली ऐतिहासिक विशाल भव्य तिरंगा पद यात्रा

लखनऊ संवाददाता-संतोष उपाध्याय 

लखनऊ LUCKNOW: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में 'हर घर तिरंगा अभियान' जोर-शोर से मनाया गया। मंगलवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरोजनीनगर भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा भी भव्य तिरंगा पद यात्रा का आयोजन किया गया। यह ऐतिहासिक तिरंगा पद यात्रा बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकताओं समेत देशभक्ति में सराबोर जनसैलाब के साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों के बीच दोपहर 3 बजे इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप क्रांति विद्या मंदिर स्कूल से शुरू हुई। 

भव्य तिरंगा यात्रा के लिए क्षेत्र की जनता के बीच अद्वितीय उत्साह देखने को मिला। भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों के साथ जहां-जहां से यह तिरंगा यात्रा निकल रही थी वहां-वहां लोग अपनी घरों की छतों पर चढ़कर तो कोई अपने घर के सामने खड़ा होकर विधायक का उत्साहवर्धन कर रहे थे। इतनी भीषण गर्मी और धूप के बीच भी लोगों का उत्साह तनिक भी कम नहीं हुआ, यात्रा में सम्मिलित देशभक्तों को राहत मिलती रहे इसलिए मिनरल वाटर से भरा एक ई-रिक्शा भी साथ-साथ चलता रहा। लोगों का बेइंतहा समर्थन पाकर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह भी भावविभोर दिखे। 

पूरी यात्रा के दौरान क्षेत्रीय लोगों ने अपने विधायक पर फूलों की वर्षा करी तथा जगह-जगह यात्रा के बीच उनका स्वागत अभिनंदन किया। डॉ. राजेश्वर सिंह भी हाथ में तिरंगा थामे लोगों का उत्साहवर्धन करते दिखे। इस दौरान उन्होंने बंगला बाजार स्थित ठाकुरद्वारा हनुमान मंदिर में जाकर दर्शन पूजन किया। यात्रा में मौजूद सभी लोग बेहद जोश से भरे और देश भक्ति के रंग में रंगे नजर आ रहे थे, मातृभूमि के प्रति युवाओं का उत्साह भी देखते ही बन रहा था। 

पद यात्रा का समापन बंगला बाजार स्थित मां चंद्रिका देवी मंदिर में माता के पूजन व आरती से हुआ। इस दौरान विधायक द्वारा मंदिर में 51 किलो लड्डू का भोग भी चढ़ाया गया। यात्रा में जनता को संबोधित करते हुए सरोजनीनगर विधायक ने स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व अर्पण करने वाले ​सभी सेनानियों को श्रद्धांजलि दी और उनके त्याग व बलिदान को स्मरण किया। 

उन्होंने कहा कि देश के लिए बाजी राउत, खुदीराम बोस, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, राजगुरू, सुखदेव, रामप्रसाद बिस्मिल जैसे युवा क्रांतिकारियों ने हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहूति दी। महात्मा गांधी, वीर सावरकर, लाल बहादुर शास्त्री जैसे महान सेनानियों ने स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करते हुए जेल में क्रूरतम यातनाएं झेली। इन्हीं वीर क्रांतिकारियों के कारण ही भारत आजाद हुआ। हमारे पूर्वजों के कड़े संघर्ष और अथक प्रयासों से ही आज हिंदुस्तान विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और विश्व गुरु बनने के पथ पर अग्रसर है। 

तिरंगा यात्रा के दौरान विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि आज जम्मू-कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक पूरा देश राष्ट्र प्रेम की भावना से ओतप्रोत है। तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। मोदी-योगी ने हिंदुस्तान को विश्व की सबसे विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने युवाओं से आवाहन किया कि वे देश का गौरव को बढ़ाने, भारत को विकसित राष्ट्र बनाने, देश की एकता-अखंडता को अक्षुण्ण बनाएं रखने की शपथ लें। 

इस दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह की माता तारा सिंह की प्रेरणा से आरंभ हुए 'तारा शक्ति नि:शुल्क रसोई' के माध्यम से हजारों लोगों को भोजन भी उपलब्ध कराया गया। विधायक ने स्वंय भी लोगों को खाना वितरित किया। उन्होंने तिरंगा यात्रा को भव्य व ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, महानुभावों और सरोजनीनगर की जनता का आभार व्यक्त किया। 

इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में वरिष्ठ भाजपा नेता संजय सिंह चौहान, नगर महामंत्री पुष्कर शुक्ला, भाजपा नेता शिव शंकर शंकरी, राजेश सिंह चौहान, केकेसी पूर्व अध्यक्ष राजेश शुक्ला, रमाशंकर त्रिपाठी के साथ-साथ भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकारी सदस्य संजीव मिश्रा, बबलू यादव, राहुल मिश्रा समेत क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्ष, पार्षद व विभिन्न मोर्चों के सदस्य व बड़ी संख्या में क्षेत्र की जनता उपस्थित रही।



Photo Gallery

Related Post

Advertisement

Trending News

Important Links

© Bharatiya Digital News. All Rights Reserved. Developed by TechnoDeva