16 December 2023   Admin Desk



UP NEWS: ग्रीन फील्ड टाउनशिप योजना से होगा अयोध्या का कायाकल्प

* ग्रीन फील्ड टाउनशिप अयोध्या: उत्तर प्रदेश में विकास का एक नया आयाम

लखनऊ संवाददाता-संतोष उपाध्याय

लखनऊ/ अयोध्या Lucknow/ Ayodhya: देश-दुनिया में करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक अयोध्या में श्री राम जन्म भूमि का कायाकल्प होने जा रहा है। इसके लिए उत्तर प्रदेश आवास और विकास बोर्ड ने मांझा शाहनवाजपुर, मांझा बरहटा और मांझा तिहुरा गांवों की लगभग 1,407 एकड़ भूमि निर्धारित की है। इस पर सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ग्रीन फील्ड टाउनशिप प्रोजेक्ट को मूर्त रूप दिया जाएगा। जहां होटल से लेकर मठ, आश्रम और आवास जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।

चरणबद्ध तरीके से होगा विकास

यह महत्वकांक्षी परियोजना दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में अगले तीन वर्षों में 683 एकड़ भूमि पर विकास कार्य किए जाएंगे। इसकी 318 एकड़ भूमि पर अधिग्रहण किया जा चुका है। वहीं मार्च के अंत तक बाकी बची भूमि का अधिग्रहण कर लिया जाएगा। दूसरे चरण में 754 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। वर्तमान में इसका अधिग्रहण कार्य चल रहा है। इस भूमि पर मई 2024 से पहले अधिग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही 448 एकड़ की विस्तारित योजना भी अधिग्रहण के तहत है, जिसका दिसंबर 2024 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।

पहले चरण में हासिल किए गए लक्ष्य

• प्रारंभिक चरण की शुरुआत के साथ ही इस योजना को भारत सरकार द्वारा पर्यावरणीय मंजूरी प्रदान कर दी गई है।

• ग्रीन फील्ड टाउनशिप में NH-27 खंड को UPHDB से 270.07 करोड़ रुपये की मंजूरी से NHAI द्वारा 'एलिवेटेड कॉरिडोर' में परिवर्तित किया जाएगा।

• बाढ़ सुरक्षा बांध -  'अयोध्या-बिलहर घाट बांध' को NH-27 (नया घाट के पास) को अंबेडकरनगर NH से जोड़ने वाली 4-लेन सड़क में बदला गया।

• परिवहन लेआउट प्लान सक्षम अधिकारियों द्वारा स्वीकृत।

• आईआईटी रुड़की को डिजाइनिंग और डीपीआर तैयार करने का काम सौंपा गया है, जिसका क्रियान्वयन जारी है।

• आईआईटी रूड़की द्वारा ट्रांसपोर्टेशन रोड नेटवर्क का डिजाइन जारी कर दिया गया है, जिससे जल्द ही सड़कों का निर्माण कार्य शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।

• जलाशय और नहर प्रणाली (ब्लू और ग्रीन इन्फ्रा) की योजना बनाई गई, राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान, रूड़की के सहयोग से जल्द ही फाइनल डिजाइन तैयार कर लिया जाएगा।

विश्व स्तरीय होगा ढांचा, मेसर्स टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर तैयार करेंगे आंतरिक लेआउट

ग्रीनफील्ड योजना के आंतरिक लेआउट और मनोरंजन स्थलों के विकास की जिम्मेदारी टाटा कंसल्टिंग इंजिनियर्स को दी गई है। सेक्टर 8ए, 9ए और 9बी प्लॉट (जिसमें होटल और मठ प्लॉट शामिल हैं) को हाल ही में बिक्री के लिए जारी किया गया है। इन्हें लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों में उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक कुल 12 होटल भूखण्ड प्रस्तावित किए गए, जिसमे से 7 नग भूखण्डों का निस्तारण हुआ, जिसमे 20 आवेदकों द्वारा टोकन धनराशि जमा कर नीलामी में प्रतिभाग किया गया। साथ ही मठ भूखंडों के लिए भी अब तक 28 आवेदन आए हैं। 

दूरदर्शिता का उदाहरण ग्रीनफील्ड टाउनशिप

टाउनशिप के विकास के साथ यहां पर होटल, मठ, आवासीय और अन्य भूमि-उपयोग भूखंड बोली में पंजीकरण के लिए तैयार हो जाएंगे। ग्रीन फील्ड टाउनशिप अयोध्या के विकास में नए अध्याय लिखने जा रहा है, जो कि क्षेत्र की प्रगति और दूरदर्शिता का जीवंत उदाहरण है।



Photo Gallery

Related Post

Important Links

© Bharatiya Digital News. All Rights Reserved. Developed by TechnoDeva