Home >> National

Bharatiya digital news
09 June 2024   bharatiya digital news Admin Desk



आज शाम नई दिल्ली में नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली

नई दिल्ली: नरेंद्र मोदी ने आज शाम नई दिल्ली में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में नई केंद्रीय मंत्रिपरिषद को भी पद और गोपनीयता की शपथ  दिलाई। 31 कैबिनेट मंत्रियों, पांच स्‍वतंत्र प्रभार के राज्‍य मंत्रियों और 36 राज्‍य मंत्रियों को शपथ दिलाई गई

भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, डॉ. एस जयशंकर, पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, निर्मला सीतारामन और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। पार्टी के वरिष्ठ नेता किरेन रिजिजु, प्रह्लाद जोशी, गिरिराज सिंह, अश्विनी वैष्णव, ज्योतिरादित्य सिंधिया, भूपेन्द्र यादव, गजेंद्र सिंह शेखावत, अन्नपूर्णा देवी, हरदीप सिंह पुरी, डॉ मनसुख मंडाविया, जी किशन रेड्डी और सीआर पाटिल, डॉ वीरेंद्र कुमार और जुएल ओरांव ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।  पूर्व मुख्यमंत्रियों शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल और सर्बानंद सोनोवाल को भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई।  इसके अलावा, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल सेक्‍युलर के सांसद एच.डी. कुमारस्वामी, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिन्‍दुस्‍तान आवाम मोर्चा पार्टी के प्रमुख जीतन राम मांझी, जनता दल युनाइटेड सांसद राजीव रंजन सिंह, तेलुगु देशम पार्टी के सांसद किंजारप्‍पु राम मोहन नायडू और लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास)  के प्रमुख चिराग पासवान उन अन्य लोगों में शामिल थे, जिन्होंने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।  भाजपा नेता राव इंद्रजीत सिंह, डॉ. जितेंद्र सिंह और अर्जुन राम मेघवाल के साथ-साथ शिवसेना के प्रतापराव जाधव और राष्‍ट्रीय लोक दल प्रमुख जयंत चौधरी ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली।

शपथ ग्रहण समारोह में 36 राज्यमंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें भाजपा सांसद जितिन प्रसाद, श्रीपाद येसो नाइक, पंकज चौधरी, नित्यानद राय, कृष्ण पाल, वी सोमन्ना, एसपी सिंह बघेल, शोभा करंदलाजे और सुरेश गोपी, रक्षा खडसे, अजय टम्टा, बंदी संजय कुमार, कमलेश पासवान, हर्ष मल्होत्रा, सतीश दुबे और रवनीत सिंह बिट्टू के साथ-साथ आरपीआई के रामदास अठावले, जनता दल युनाइटेड के रामनाथ ठाकुर, अपना दल (एस) की अनुप्रिया पटेल और तेलुगु देशम पार्टी के डॉ. पेम्मासानी चन्द्रशेखर शामिल थे।

शपथ ग्रहण समारोह में पड़ोसी देशों और हिंद महासागर क्षेत्र के कई नेताओं ने भाग लिया। श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू, सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ, बांग्लादेश की प्रधान मंत्री शेख हसीना, मॉरीशस के प्रधान मंत्री समारोह में प्रविंद कुमार जुगनाथ, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ और भूटान के प्रधानमंत्री त्‍शेरिंग तोबगे शामिल हुए।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, मुख्य न्यायाधीश डॉ. डी.वाई. चंद्रचूड़, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल युनाइटेड के अध्यक्ष नीतीश कुमार, आंध्र प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार समारोह में शामिल हुए। इसके अलावा, अभिनेता रजनीकांत, शाहरुख खान, अक्षय कुमार और विक्रांत मैसी, फिल्म निर्माता राजकुमार हिरानी, उद्योगपति मुकेश अंबानी और गौतम अडानी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। 

Source: AIR



Advertisement
bharatiya digital news
Photo Gallery

Related Post

Advertisement

Advertisement

Trending News

Important Links

© Bharatiya Digital News. All Rights Reserved. Developed by TechnoDeva