Home >> State >> Uttar Pradesh

17 July 2024   Admin Desk



सरोजनीनगर के 450 वीमेन एसएचजी से जुडी और अन्य सभी उद्यमी महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर दिलाना मेरा संकल्प: डॉ. राजेश्वर सिंह

संवाददाता संतोष उपाध्याय 

लखनऊ: सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मंगलवार को सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलकर उन्हें सरोजनीनगर में संचालित विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। साथ ही डॉ. सिंह ने मुख्यमंत्री से ग्राम पंचायत पिपरसण्ड स्थित कृषि विभाग की भूमि को लखनऊ विश्वविद्यालय के कृषि संकाय की स्थापना हेतु उपलब्ध कराये जाने का अनुरोध किया और विधायक ने सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत चकौली में अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा (केन्द्रीय) विश्वविद्यालय हेतु चिन्हित भूमि को विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु निःशुल्क उपलब्ध कराये जाने का आग्रह भी मुख्यमंत्री से किया। 

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मंगलवार को गौरी बाजार में सरोजनीनगर के पहले ताराशक्ति केंद्र आउटलेट का शुभारम्भ किया। इस आउटलेट में विधायक द्वारा स्थापित कराये गए 114 तारा शक्ति केन्द्रों पर निर्मित उत्पाद जैसे कपड़े के थैले, महिलाओं के वस्त्र, हैंडीक्राफ्ट आदि की बिक्री की जायेगी जिससे ताराशक्ति केन्द्रों की ब्रांडिंग और उनसे जुडी महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित होगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए सरोजनीनगर विधायक ने कहा कि जब मैं राजनीति में आया था तब सरोजनीनगर की मातृशक्ति ने मुझसे रोजगार, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का आग्रह किया था, जिस क्रम में तारा शक्ति केंद्र (सिलाई सेंटर) स्थापित किये जाने की पहल शुरू की गयी। 

डॉ. सिंह ने आगे जोड़ा कि मातृशक्ति सशक्तिकरण का पर्याय ताराशक्ति केन्द्रों की स्थापना के दूसरे चरण में आज गौरी बाजार में सरोजनीनगर के पहले ताराशक्ति केंद्र आउटलेट का शुभारम्भ किया गया। सरोजनीनगर की मातृशक्ति को स्वावलंबी बनाने के लिए अब तक 1150 से अधिक सिलाई, कढ़ाई मशीनें प्रदान कर 114 ताराशक्ति केन्द्रों की स्थापना की जा चुकी है, 50 से अधिक केन्द्रों की स्थापना प्रक्रियाधीन है। विधायक ने कहा कि सरोजनीनगर की पहचान बन चुके इन केन्द्रों के माध्यम से 4000 से अधिक मातृशक्ति लाभान्वित हो रही हैं, अब ताराशक्ति केंद्र आउटलेट के माध्यम से वे अपने उत्पादों को बाजार के साथ साथ ई कॉमर्स प्लेटफोर्मों पर भी उपलब्ध करवा सकेंगी। 

इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरोजनीनगर में सक्रिय 450 से अधिक महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी मातृशक्ति एवं सभी उद्यमी महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प भी व्यक्त किया। 

इस अवसर पर प्रियंका सिंह, आरती मौर्य, पूजा सिंह, रंजना सिंह, नेहा रावत, साधना गुप्ता, गीता देवी, सुहागवती चौरसिया, सुमन, आरती, राजरानी, निशा कश्यप, कमला, दीप्ति सिंह व अन्य महिलायें उपस्थित रही। मंगलवार को सरोजनीनगर में मतदाता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सेक्टर आई, एलडीए कॉलोनी स्थित लखनऊ पब्लिक स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह में क्षेत्रीय जनता के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी पहुंचे। 

इस दौरान सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह मतदाताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुष्प वर्षा करते नजर आये। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष त्र्यम्बक त्रिपाठी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री कौशल किशोर, महापौर लखनऊ सुषमा खर्कवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी और पूर्व दर्जाप्राप्त राज्यमंत्री वीरेन्द्र तिवारी भी मंचासीन नजर आये। विधायक ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। 

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि आज का दिन कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देने का है, कार्यकर्ताओं ने पार्टी को मजबूत किया, सरोजनीनगर का नाम ऊँचा किया, विपरीत परिस्थितियों में भी लड़ने में पूरी तरह सक्षम होने का प्रमाण दिया। भाजपा का नेतृत्व, नीतियां और कार्यकर्ता सर्वश्रेष्ठ है। कार्यकर्ताओं की ऊर्जा के कारण ही भाजपा दुनिया की सबसे बड़ा राजनीतिक दल है, कार्यकर्ताओं के सामर्थ्य से ही तीसरी बार नरेंद्र मोदी ने लगातार 3 बार प्रधानमंत्री पद तक पहुंचकर कीर्तिमान बनाया। 

कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि देश में जातिवाद, परिवारवाद, क्षेत्रवाद और आतंकवाद का पोषण करने वाली राजनीतिक पार्टियों का कोई भविष्य नहीं है। भाजपा के कार्यकर्ता ओजस्वी और तेजस्वी हैं, उनके पुरुषार्थ का परिणाम है कि आज  पूरा विश्व भारत को सुनना चाहता है, भारत के प्रधानमंत्री की बात गंभीरता से लेता है। विधायक ने आगे जोड़ा कि विधानसभा चुनाव में अभी 3 साल का समय है, इस दौरान संगठन को मजबूत करना है, क्योकि संगठन ही पार्टी की आत्मा है। सरोजनीनगर विधायक ने अपने कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरोजनीनगर में जातिपात की राजनीति की कोई जगह नहीं हैं, सरोजनी नगर में सभी महिलाओं का सशक्तिकरण, सभी छात्रों को संसाधन एवं सम्मान, सभी वृद्धजनों को लगातार तीर्थयात्रा कराई जा रही है। 

डॉ. राजेश्वर सिंह ने 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत की भाजपा सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से जुट जाने का संकल्प दिलाया। 

कार्यक्रम में शिव शंकर अवस्थी, पुष्कर शुक्ला, विजय भुर्जी, भुवनेंद्र सिंह मुन्ना,ब्लॉक प्रमुख सरोजनीनगर सुनील कुमार, पूर्व ब्लाक प्रमुख काकोरी  राम विलास, गंगा राम अंबेडकर, बंधु उपेन्द्र नाथ, रमा शंकर त्रिपाठी, सुरेश सिंह, राजेंद्र बाजपेयी, दया शंकर दुबे, मंडल अध्यक्ष शिव शंकर विश्वकर्मा, विनोद मौर्य, मोहित तिवारी, विवेक राजपूत, शिव बख्श सिंह, केके श्रीवास्तव और अन्य भाजपा नेता उपस्थित रहे।



Photo Gallery

Related Post

Advertisement

Trending News

Important Links

© Bharatiya Digital News. All Rights Reserved. Developed by TechnoDeva