संवाददाता - सन्तोष उपाध्याय
लखनऊ, UP (INDIA): पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वायु और हरित ऊर्जा को लेकर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह निरंतर प्रयासरत हैं। वायु प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की गंभीर चुनौतियों पर चिंता जताते हुए उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक विस्तृत पोस्ट साझा किया। डॉ. सिंह ने बताया कि, "विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में जहरीली हवा के कारण औसत आयु 3.5 वर्ष तक घट गई है। देश की 1.4 अरब आबादी ऐसे क्षेत्रों में रहती है, जहाँ वायु गुणवत्ता WHO मानकों से अधिक प्रदूषित है। शिकागो विश्वविद्यालय के एक अध्ययन (2023) के अनुसार, भारत में PM 2.5 का स्तर WHO मानकों से 8 गुना अधिक दर्ज किया गया। इसे वैश्विक मानकों पर लाया जाए तो भारतीयों की औसत आयु में 3.5 वर्ष की वृद्धि संभव है। उत्तर भारत की स्थिति और भी गंभीर है। यहां 54.44 करोड़ लोगों (38.9%) की आयु 5 वर्ष तक और दिल्ली-NCR के नागरिकों की आयु 8.2 वर्ष तक बढ़ सकती है, यदि वायु प्रदूषण WHO मानकों तक घटा दिया जाए। विधायक ने आगे जोड़ा राष्ट्रीय वन सर्वेक्षण की रिपोर्ट के अनुसार, देश का कुल वन क्षेत्र 21.7% है, जबकि वैश्विक औसत 31% है। औद्योगिक और शहरीकरण के दबाव में पिछले दशकों में वनों की कटाई तेजी से बढ़ी है। बढ़ते तापमान के कारण दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और लखनऊ जैसे शहरों में Heat Waves की घटनाएं तेज़ी से बढ़ रही हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट बताती है कि 2015 से 2023 के बीच लू के कारण 5,000 से अधिक लोगों की मौत हुई।
डॉ. सिंह पर्यावरण संरक्षण, ग्रीन एनर्जी के प्रोत्साहन, जल संरक्षण एवं पुनर्चक्रण आदि कार्यों के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं, डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रयासों से सरोजनीनगर में वृक्षारोपण अभियान संचालित कर अब तक 200 से अधिक रुद्राक्ष और 5,000 से अधिक फलदार वृक्ष लगाए गए। अब तक स्थापित 162 तारा शक्ति केंद्रों पर 30,000 से अधिक इको-फ्रेंडली बैग्स बनवाकर विद्यार्थियों में वितरित किए गए और उन्हें प्लास्टिक-फ्री जीवन के लिए प्रेरित किया गया।
जन-जागरूकता अभियान – एनवायरमेंट अभियान के तहत तराई क्षेत्र में 6 चरणों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें वन विभाग के 200 वॉचर्स को साइकिल, 30 कर्मचारियों को सम्मान और 1000 से अधिक छात्रों के बीच वाद-विवाद और क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
सौर ऊर्जा क्रांति – सोलर सिटी अभियान के तहत सरोजनीनगर में 50 MW सोलर क्षमता विकसित हुई। 1,250 से अधिक सोलर स्ट्रीट लाइट, 200 से अधिक हिया मास्ट और सोलर ट्री स्थापित किए गए। पीएम सूर्य घर योजना के तहत ₹1 करोड़ की लागत से माती गांव को लखनऊ का पहला सोलर विलेज बनाया जा रहा है।
डॉ. राजेश्वर सिंह का संदेश -“स्वच्छ वायु और हरित ऊर्जा केवल पर्यावरण का प्रश्न नहीं है, यह हर भारतीय के जीवन और भविष्य से जुड़ा हुआ विषय है। प्रदूषण पर नियंत्रण और ग्रीन एनर्जी का प्रोत्साहन ही स्वास्थ्य, दीर्घायु और समृद्ध भारत की राह है। अपने और आने वाली पीढ़ियों के लिए हमें वृक्षारोपण, प्लास्टिक नियंत्रण, जल संरक्षण और नवीकरणीय ऊर्जा के प्रयोग का संकल्प लेना होगा।
© Bharatiya Digital News. All Rights Reserved. Developed by TechnoDeva