Home >> State >> Chhattisgarh

Bharatiya digital news
31 October 2022   bharatiya digital news Admin Desk



राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव और राज्योत्सव कल से

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का साइंस कॉलेज मैदान एक बार फिर से राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव और राज्योत्सव के लिए तैयार हो रहा है। 01 से 03 नवंबर तक आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव और राज्योत्सव के लिए तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। यहां मुख्य मंच पर राज्योत्सव और राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के कार्यक्रम होंगे। वहीं साइंस कॉलेज मैदान में विभिन्न शासकीय विभागों के स्टॉल और व्यावसायिक स्टॉल लगेंगे तो दूसरी ओर फूड जोन भी बनाया जा रहा है। स्टॉल निर्माण की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए देश-विदेश से कलाकार पहुंचने लगे हैं। गौरतलब है कि 1 नवम्बर 2000 को मध्यप्रदेश से पृथक कर छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया गया है। राज्य गठन को 22 वर्ष पूर्ण होने को है। प्रति वर्ष की तरह इस बार भी भव्य स्तर पर राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में तीसरी बार राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन हो रहा है। इस बार राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में भारत के सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों समेत नौ देशों मोजांबिक, मंगोलिया, टोंगो, रशिया, इंडोनेशिया, मालदीव, सर्बिया, न्यूजीलैंड और इजिप्ट के 1500 जनजातीय कलाकार शामिल होंगे, जहां छत्तीसगढ़ सहित देश-विदेश की विभिन्न जनजातियों की विविधतापूर्ण संस्कृति, परंपरा और लोककला देखने को मिलेगी।



Photo Gallery

Advertisement

Trending News

Important Links

© Bharatiya Digital News. All Rights Reserved. Developed by TechnoDeva